‘खेलो इंडिया संवाद’ में खेलों के महत्व पर हुआ मंथन, बीबीएयू में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में गुरुवार 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रवीण सिंह एवं गोरखपुर की रहने वाली, 15 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी प्रिया सिंह मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर आईक्यूएसी डॉयरेक्टर प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, प्रो. पवन कुमार चौरसिया एवं डॉ. मनोज कुमार डडवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान माननीय कुलपति द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा खेल हमारे जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश के युवाओं को खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया है। ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से खेलों के महत्व, खेल संस्कृति के विकास और युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिल रहा है। प्रो. मित्तल ने कहा कि आज आवश्यकता है कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थी खेलों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, क्योंकि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही एक सशक्त, अनुशासित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं।

विश्वविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के युवाओं एवं खिलाड़ियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा भारत को एक सशक्त खेल राष्ट्र बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और खेलों के प्रति उनकी प्रेरणादायी बातों से उत्साहित हुए।

इस अवसर पर प्रवीण सिंह एवं प्रिया सिंह ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि खेल जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी रुचि के अनुरूप किसी न किसी खेल को अपनाएं और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लें। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा अपनी क्षमताओं को पहचानने के साथ-साथ आत्मविश्वास, धैर्य और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर सकते हैं। उन्होंने सभी को ‘खेलो इंडिया’ की भावना के अनुरूप खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाने का संदेश दिया।

इस दौरान विभिन्न शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी, खिलाड़ी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button