
राहुल यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ‘स्पॉट काउंसलिंग’ का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम चरण (Spot Counselling-I) का आयोजन आगामी गुरुवार 27 अगस्त 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही अमेठी सैटेलाइट सेंटर के स्नातक पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए भी काउंसलिंग लखनऊ परिसर स्थित ओएसडी (OSD) अमेठी सेंटर के कार्यालय में ही संपन्न होगी। इस चरण में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जिनका नाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध CUET स्कोर सूची में शामिल है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग के दिन अभ्यर्थी की व्यक्तिगत व भौतिक उपस्थिति अनिवार्य होगी तथा निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फेज-I व फेज-II में पहले ही प्रवेश ले चुके छात्रों को इसमें आने की आवश्यकता नहीं है, हालांकि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में फीस जमा नहीं की थी और समय विस्तार का आवेदन दिया था, उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
प्रथम चरण की प्रक्रिया के तहत 27 अगस्त को रिपोर्टिंग व दस्तावेज सत्यापन के बाद 28 अगस्त को मेरिट सूची जारी कर चालान जनरेट किया जाएगा, जिसके बाद 30 अगस्त 2026 तक फीस जमा कर अंतिम प्रवेश लिया जा सकेगा। 31 अगस्त को शेष रिक्त सीटों का ब्योरा वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। इसके बाद स्पॉट काउंसलिंग-II के तहत सीयूईटी एवं नॉन – सीयूईटी दोनों श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 1 से 7 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। पंजीकृत अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 8 सितंबर को होगा, 9 सितंबर को मेरिट सूची आएगी और 10 सितंबर 2026 तक फीस जमा की जा सकेगी। विश्वविद्यालय में नए सत्र के प्रथम वर्ष के छात्रों की कक्षाएं भी 10 सितंबर 2026 से ही प्रारंभ कर दी जाएंगी।
अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं, 12वीं व स्नातक की मार्कशीट एवं सर्टिफिकेट, माइग्रेशन, चरित्र प्रमाण पत्र, जाति, आय, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और फोटो पहचान पत्र की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट लाना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल काउंसलिंग में भाग लेने से प्रवेश सुनिश्चित नहीं होगा, प्रवेश पूरी तरह से मेरिट और सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ को नियमित रूप से देखते रहें, ताकि काउंसलिंग से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं, तिथियों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी समय पर प्राप्त हो सके। साथ ही अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए अपनी काउंसलिंग प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करना सुनिश्चित करें।