
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में लखनऊ 18 अगस्त को इंस्कोटीट्यूशनस इनोवेशन काउंसिल के संरक्षण में लेबरोशन एंड कम्यूनिटी कमेटी एवं रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में ‘डीप- टैक इनोवेशन चैलेंज’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर सीएसआईआर – राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान के प्रो. आर.डी. त्रिपाठी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार, समाजशास्त्र विभाग के प्रो. प्रशांत कुमार त्रिवेदी, प्रो. संतोष कुमार, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. लता बाजपेई सिंह एवं डॉ. कृष्ण मुरारी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम प्रो. शिशिर कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वर्तमान में चल रहे अनुसंधान परियोजनाओं एवं शोध प्रस्तावों को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने अपने शोध के विषय, उद्देश्य, शोध पद्धति, अब तक की प्रगति तथा संभावित निष्कर्षों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। प्रस्तुतियों के उपरांत विशेषज्ञों ने प्रत्येक शोध कार्य का मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों के साथ संवाद किया और शोध को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्रदान किए। विशेषज्ञों ने शोध विषय की प्रासंगिकता, डेटा के उचित उपयोग, शोध पद्धति, परिणामों की स्पष्टता तथा शोध के व्यावहारिक प्रभाव जैसे विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान प्रतिभागियों को अपने शोध प्रस्तावों एवं परियोजनाओं में आवश्यक सुधार करने तथा अनुसंधान को नवीन एवं परिणामोन्मुख दिशा प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण सलाह मिली। इस सत्र ने प्रतिभागियों को अपने शोध कार्य की कमियों को समझने, नए दृष्टिकोण विकसित करने और विशेषज्ञों के अनुभव से सीखते हुए अपने अनुसंधान को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान किया।

अंत में आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही डॉ. लता बाजपेई सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंध अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा, अन्य शिक्षक, शोधार्थी, प्रतिभागी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।