इंटीरियर डिजाइन के क्षेत्र में प्रोफेशनल करियर की नई राह, बीबीएयू में एम.एससी. इंटीरियर एंड स्पेस डिज़ाइन की शुरुआत

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के स्कूल ऑफ होम साइंस के डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली रिसोर्स मैनेजमेंट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एम.एससी. इंटीरियर एंड स्पेस डिज़ाइन नामक नया स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह पाठ्यक्रम रचनात्मक सोच, सौंदर्यबोध तथा आधुनिक डिजाइन तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटीरियर एवं स्पेस डिजाइन के क्षेत्र में दक्ष बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

इस दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में कुल 40 सीटें उपलब्ध हैं तथा प्रति सेमेस्टर शुल्क ₹ 20,000 निर्धारित की गई है। पाठ्यक्रम में इंटीरियर डिजाइन, स्पेस प्लानिंग, फर्नीचर डिजाइन, सस्टेनेबल डिजाइन, लाइटिंग, निर्माण सामग्री, रंग संयोजन, डिजिटल डिजाइन तकनीक तथा प्रोजेक्ट आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण को शामिल किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

आज के समय में आवासीय, व्यावसायिक, होटल, अस्पताल एवं संस्थागत भवनों के लिए गुणवत्तापूर्ण इंटीरियर डिजाइन की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार दोनों की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद विद्यार्थी इंटीरियर डिजाइनर, स्पेस प्लानर, डिजाइन कंसल्टेंट, विजुअल मर्चेंडाइज़र, सेट डिजाइनर, फर्नीचर डिजाइनर, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य कर सकते हैं तथा स्वयं का डिजाइन स्टूडियो या उद्यम भी स्थापित कर सकते हैं।

डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली रिसोर्स मैनेजमेंट की विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी अग्रवाल ने पाठ्यक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि एम.एससी. इंटीरियर एंड स्पेस डिज़ाइन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट समन्वय प्रदान करेगा। यह कार्यक्रम उन्हें आधुनिक डिजाइन उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा तथा रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही हमारा उद्देश्य ऐसे पेशेवर तैयार करना है जो कार्यात्मक, सौंदर्यपूर्ण और टिकाऊ डिजाइनों के माध्यम से समाज की बदलती आवश्यकताओं को पूरा कर सकें। प्रो. अग्रवाल ने आगे बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश सीयूईटी-पीजी (CUET-PG) के माध्यम से लिया जाएगा। साथ ही, उपलब्ध सीटों पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार नॉन-सीयूईटी अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा।

नैक ए++ मान्यता प्राप्त बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा रहा है। विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से इस नवीन पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने रचनात्मक कौशल को सफल पेशेवर करियर में परिवर्तित करने का आह्वान किया है। वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है अतः इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित विभाग में संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button