डीआरआई ने स्वावलंबन केंद्रों सहित मझगवां में मनाया वीरांगना रानी दुर्गावती का 463वां बलिदान दिवस

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मझगवां : वीरांगना रानी दुर्गावती के 463 वें बलिदान दिवस पर उनकी राष्ट्रभक्ति और उनके कृतित्व को दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा अपने सभी स्वाबलंबन केंद्रों पर पूरी श्रद्धा के साथ याद किया गया। रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर बुधवार को रामनाथ आश्रमशाला विद्यालय पीली कोठी, सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय चित्रकूट, परमानंद आश्रम पद्धति विद्यालय गनीवां एवं मझगवॉ जनपद के सभी स्वावलंबन केन्द्रों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ा आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृष्णादेवी वनवासी बालिका आवासीय विद्यालय मझगवां के महर्षि वाल्मीकि परिसर में किया गया।

इस दौरान कृष्णा देवी वनवासी बालिका विद्यालय की बच्चियों द्वारा रानी दुर्गावती जी के शौर्य आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य कार्यक्रम से पूर्व सुबह सुंदर काण्ड पाठ, किसान गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राम खेलावन कोल, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी लक्ष्मीकांत द्विवेदी, जिला संघ चालक सतना रामबेटा कुशवाहा, सामाजिक कार्यकर्ता चूड़ामणि सिंह, श्रीमती सोना बाई, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, कोषाध्यक्ष बसंत पंडित मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की गई एवं उनके बलिदान दिवस पर उनकी राष्ट्रभक्ति एवं उनके कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन ने रानी दुर्गावती जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्कृष्ट युद्ध कौशल में परायण वीरांगना दुर्गावती जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक हैं। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है।

कार्यक्रम की आख्या का प्रस्तुतीकरण कृष्णा देवी विद्यालय के प्राचार्य गंगाराम यादव द्वारा तथा कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक पंकज शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लगभग 450 गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही । महर्षि वाल्मीकि परिसर के सभी कार्यकर्ता कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहभागी रहे ।

Related Articles

Back to top button