
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस अभियान- 2026 के अंतर्गत उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा 15 मई 2026 से 05 जून 2026 तक पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार 26.05.2026 को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाए गए।
बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल स्रोतों की जांच की गई तथा परीक्षण हेतु जल नमूने एकत्र किए गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित कर सभी को स्वच्छ एवं पीने योग्य जल उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में शाहगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रैली के माध्यम से यात्रियों एवं कैटरिंग सर्विस स्टाफ को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग से पर्यावरण को होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग कूड़ेदानों में डालने हेतु प्रेरित किया गया। लखनऊ स्टेशन पर भीषण गर्मी में निरंतर फील्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) से बचाव एवं शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से ओरल रीहाइड्रेशन साल्ट का वितरण किया गया।अभियान के अंतर्गत सफाई मित्रों को हीट स्ट्रोक (लू) से सुरक्षित रखने हेतु सुरक्षात्मक उपायों को भी शामिल किया गया। धूप से बचाव के लिए सभी सफाई कर्मियों को चौड़ी पट्टी वाली टोपियों का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें हीट स्ट्रोक के प्रारंभिक लक्षणों जैसे अत्यधिक चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी जैसा महसूस होना एवं अत्यधिक कमजोरी आदि के बारे में जागरूक किया गया ताकि वे समय रहते अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज एवं यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित करता रहेगा।