
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण में योग विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में “योग: स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए” थीम के अंतर्गत विशेष ऑफलाइन तथा ऑनलाइन योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ तथा द एवरग्रीन स्टेट कॉलेज, वॉशिंगटन, यू.एस.ए. के मध्य शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
इन विशेष योग अभ्यास सत्रों में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा द एवरग्रीन स्टेट कॉलेज, वॉशिंगटन, यू.एस.ए. के 50 विद्यार्थियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP), सूक्ष्म व्यायाम, श्वसन अभ्यास, ध्यान एवं विश्राम तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग के वैज्ञानिक, व्यावहारिक एवं जीवनोपयोगी स्वरूप को प्रस्तुत करना तथा वैश्विक स्तर पर प्रसारित करना है।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो० राज कुमार मित्तल जी ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो आज सम्पूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और शांति का मार्ग प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार करने का माध्यम है। विश्वविद्यालय द्वारा अमेरिका के विद्यार्थियों के साथ आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय योग पहल भारतीय ज्ञान परंपरा, वैश्विक सहयोग तथा समग्र स्वास्थ्य चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० दिपेश्वर सिंह ने कहा कि आज विश्व के अधिकांश देशों ने योग के शारीरिक पक्ष को अपनाया है, किन्तु योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं है। वास्तविक योग मन, शरीर और श्वास के साथ जागरूकता का समन्वित विज्ञान है, जो व्यक्ति के भीतर संतुलन, एकाग्रता, भावनात्मक स्थिरता एवं आंतरिक शांति का विकास करता है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के शैक्षणिक संस्थानों के मध्य यह पहल योग के समग्र स्वरूप को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने तथा सांस्कृतिक संवाद, स्वास्थ्य जागरूकता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के साथ-साथ तनाव प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली, एकाग्रता एवं समग्र स्वास्थ्य के महत्व से भी अवगत कराया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की भावना के अनुरूप योग को विश्व स्तर पर पहुँचाने की अपनी महत्वपूर्ण पहल बताया है।