1912 कंट्रोल रूम निरीक्षण में बोले ऊर्जा मंत्री शर्मा : सिर्फ शिकायत फॉरवर्ड करना पर्याप्त नहीं, समाधान की पुष्टि भी जरूरी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार विद्युत शिकायत सेवा केंद्र 1912 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं उपभोक्ताओं से फोन पर बात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री शर्मा ने शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की गहन समीक्षा की और ऑपरेटरों द्वारा केवल शिकायत संबंधित अधिकारियों को फॉरवर्ड कर देने तथा बाद में उपभोक्ताओं एवं अधिकारियों से फीडबैक न लेने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायत दर्ज होने के बाद केवल उसे अग्रसारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि समस्या का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान हुआ या नहीं।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए तथा उपभोक्ताओं से संपर्क कर समाधान की गुणवत्ता का भी फीडबैक लिया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

शर्मा ने कहा कि यदि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button