मातृभूमि योजना केवल योजना नहीं, समाज और पंचायत के बीच विश्वास का मजबूत अभियान – ओमप्रकाश राजभर

अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक विकास की मजबूत पहचान बनती जा रही हैं। अपनी मिट्टी, अपने गांव और अपनी पंचायत के प्रति लोगों का बढ़ता जुड़ाव विकास कार्यों में भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। यही भावना “मातृभूमि योजना” को एक सामान्य सरकारी योजना से आगे बढ़ाकर जनसहभागिता के सशक्त अभियान के रूप में स्थापित कर रही है।

प्रदेश के 11 जनपदों में अब तक 21 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिनकी कुल लागत लगभग ₹ 2.74 करोड़ है। वहीं 10 जनपदों में लगभग ₹3.16 करोड़ लागत की 13 परियोजनाएं वर्तमान में प्रगतिशील हैं। इसके अतिरिक्त 17 जनपदों से लगभग ₹3.16 करोड़ लागत की 33 नई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। यह आंकड़े केवल विकास कार्यों की संख्या नहीं, बल्कि पंचायतों के प्रति समाज में बढ़ रहे विश्वास और सहभागिता की भावना को भी दर्शाते हैं।

मातृभूमि योजना के अंतर्गत सी.सी. रोड, इंटरलॉकिंग रोड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा स्थापना, खेल परिसर, शेड एवं फेंसिंग, डिजिटल सुविधाएं तथा ART अकादमी जैसी जनोपयोगी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इन कार्यों के माध्यम से पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं डिजिटल विकास को भी नई दिशा मिल रही है।

बुलंदशहर के संजीव राजौरा ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स बनाने के लिए लगभग 1 करोड़ 7 लाख रू का सहयोग दिया। वहीं उन्नाव की फुटपेंटर शीला ने आर्ट एकाडमी बनाने के लिए लगभग 26 लाख 53 हजार रू का सहयोग देकर यह संदेश दिया कि इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। इसी प्रकार बागपत की सी.सी. रोड परियोजना और पंचायत स्तर पर विकसित हो रहे खेल परिसर ग्रामीण विकास की बदलती तस्वीर को दर्शा रहे हैं।

पंचायती राज विभाग का उद्देश्य पंचायतों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए गांवों में जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल को सशक्त बनाना है, ताकि उत्तर प्रदेश की पंचायतें आत्मनिर्भर, आधुनिक और सहभागी ग्रामीण विकास की नई मिसाल बन सकें।

पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मातृभूमि योजना केवल विकास कार्यों की योजना नहीं, बल्कि समाज और पंचायत के बीच विश्वास, सहभागिता और जिम्मेदारी को मजबूत करने का अभियान है। जब समाज स्वयं अपनी पंचायत के विकास के लिए आगे आता है, तब विकास योजनाएं जनआंदोलन का स्वरूप ले लेती हैं। उत्तर प्रदेश सरकार पंचायतों को आत्मनिर्भर, आधुनिक और जनसुविधाओं से युक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मातृभूमि योजना के माध्यम से प्रदेश के अनेक नागरिक, प्रवासी भारतीय, समाजसेवी, उद्यमी एवं सामान्य ग्रामीण नागरिक अपनी पंचायतों के विकास में स्वेच्छा से योगदान दे रहे हैं। यह योजना समाज को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास यात्रा का सहभागी बना रही है। यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है।

Related Articles

Back to top button