
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में संचालित “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” के अंतर्गत मंगलवार पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में व्यापक स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, वेंडरों, संविदा सफाई कर्मियों तथा आम जनमानस को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर प्लेटफॉर्मों पर कूड़ा-कचरा पृथक्करण (वेस्ट सेग्रीगेशन) के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई तथा यात्रियों एवं कर्मचारियों को हरे एवं नीले डस्टबिनों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत “स्पेशल ड्राइव टू एंशोर वेस्ट सेग्रीगेशन” चलाते हुए सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने हेतु विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके अतिरिक्त “प्रमोट नॉन-प्लास्टिक इको-फ्रेंडली कटलरी” अभियान के तहत खान-पान स्टॉल संचालकों एवं वेंडरों को प्लास्टिक मुक्त तथा पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। वहीं “सेंसिटाइज स्टाफ ऑन प्रॉपर वेस्ट सेग्रीगेशन” कार्यक्रम के अंतर्गत कर्मचारियों को अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारियाँ प्रदान की गईं।
वेंडरों एवं संविदा सफाई कर्मचारियों द्वारा श्रमदान करते हुए खान-पान स्टॉलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में लगभग 900 लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। संवाद एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।