
अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार 10 अप्रैल को विश्वविद्यालय में शनिवार 11-14 अप्रैल 2026 को ‘भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती’ एवं विश्वविद्यालय स्थापना दिवस’ के अवसर पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु प्रेस मीट का आयोजन किया गया, जिसे कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने संबोधित किया। इसके अतिरिक्त मंच पर स्थायी आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. के.एल. महावर एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रचना गंगवार उपस्थित रहीं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत के पूर्व राष्ट्रपति माननीय श्री राम नाथ कोविंद जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर विद्यार्थियों के समग्र विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न राष्ट्रीय संगोष्ठियों, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इस वर्ष उद्यमिता के माध्यम से समावेशी विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जायेगा, जो कि बाबासाहेब के उस स्वप्न से प्रेरित है, जिसमें एक समतामूलक, समरसता आधारित और समावेशी समाज की स्थापना की कल्पना की गई थी। विश्वविद्यालय निरंतर उनके विचारों और वर्तमान समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के हित में कार्य कर रहा है।
शनिवार 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर ‘राष्ट्रीय शिक्षा ही समावेशी विकास का आधार: महात्मा ज्योतिबा फुले की दृष्टि मेंं’ विषय पर आधारित एकदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल द्वारा की जायेगी। मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व राज्य शिक्षा मंत्री, डॉ. संजय पासवान उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त ,विशिष्ट अतिथि एवं सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय, पुणे के हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सदानंद के. भोंसले, आयोजन समिति की को-चैयरपर्सन प्रो. शिल्पी वर्मा, अंबेडकर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज की संकायाध्यक्ष प्रो. शूरा दारापुरी एवं इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एम. रवि कुमार उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर (मीडिया सेंटर), बीबीएयू द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के पावन उपलक्ष्य में उनके जीवन, संघर्ष, सामाजिक सुधारों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदानों को दर्शाते हुए तैयार की गयी प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा।
रविवार 12 अप्रैल को विश्वविद्यालय कुलपति की अध्यक्षता में ‘समावेशी विकास, विकसित भारत का आधार: बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की दृष्टि मेंं’ विषय पर आधारित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। जिसमें मुख्य तौर पर पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश प्रो. सतीश चन्द्र द्विवेदी, विधि विभाग, बीबीएयू की विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, हरियाणा के प्रो. एस.के. चहल एवं दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर के प्रो. चंद्रशेखर उपस्थित रहेंगे।
सोमवार 13 अप्रैल को भारत के पूर्व राष्ट्रपति माननीय श्री राम नाथ कोविंद जी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुम्बई के कुलपति प्रो. बद्री नारायण तिवारी, स्थायी आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. के.एल. महावर एवं प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर उद्यमियों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मंगलवार 14 अप्रैल को विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल द्वारा ‘भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती’ एवं विश्वविद्यालय स्थापना दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की जायेगी। मुख्य अतिथि के तौर पर श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, राज्य मंत्री, ग्रामीण विकास, समग्र ग्राम विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार उपस्थित रहेंगी। इसके अतिरिक्त दलित इंडियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डिक्की) के फाउंडर चैयरमेन श्री शशांक कुंवर , स्थायी आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. के.एल. महावर एवं प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा उपस्थित रहेंगे।
शनिवार 11-14 अप्रैल 2025 को ‘भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती’ एवं विश्वविद्यालय स्थापना दिवस’ के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। शनिवार 11 अप्रैल को ‘समावेशी विकास, विकसित भारत का आधार: बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की दृष्टि मेंं’ विषय पर एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता एवं डॉ. बाबासाहेब भीमराव रामजी अम्बेडकर: सामाजिक न्याय के शिल्पकार’ विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। साथ ही रविवार 12 अप्रैल को ‘राष्ट्र निर्माण में डॉ. भीमराव अम्बेडकर का योगदान’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इसके अतिरिक्त वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। साथ ही सोमवार 13 अप्रैल को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।
