
अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, आगरा / लखनऊ : प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद आगरा प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधियों के साथ रविवार को आयुक्त सभागार आगरा में समीक्षा बैठक की। बैठक में 7 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर शिलान्यास, भूमिपूजन, लोकार्पण एवं जनसभा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ग्राम रायपुर व रहनकलां क्षेत्र में लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 5142 करोड़ रुपये की लागत से 10 आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इन टाउनशिप का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा 7 अप्रैल को किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री द्वारा विधिवत भूमिपूजन एवं टाउनशिप मॉडल का अवलोकन भी किया जाएगा, साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जनसभा को संबोधित किया जाएगा।
बैठक में जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बैरीकेडिंग, विधानसभावार साइनेज, पार्किंग, पेयजल, हैलीपेड, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त शीतल पेयजल, टेंट, वीआईपी एवं मीडिया दीर्घा, स्विस कॉटेज तथा आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए ।