हेरिटेज वाक हेतु दस दिशा नामक संगठन एवं उप्र राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने दस दिशा नामक संगठन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। यह संगठन स्थानीय इतिहास को दस्तावेज़ीकृत करने और अंतरसांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इस साझेदारी के तहत, प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के दौरान हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह समझौता प्रयागराज की समृद्ध ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करते हुए सांस्कृतिक पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम के लिए प्रसिद्ध प्रयागराज धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
दस दिशा द्वारा परिकल्पित और संचालित हेरिटेज वॉक प्रतिभागियों को संगम, प्रयागराज किला, अक्षयवट, आनंद भवन और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का अनुभव प्रदान करेगा। यूपीएसटीडीसी इसे आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बढ़ावा देगा और बुकिंग को सीधे दस दिशा की वेबसाइट से जोड़ेगा। साथ ही यह साझेदारी दस दिशा को आधिकारिक भागीदार के रूप में ब्रांडिंग के अवसर भी प्रदान करेगी। इसके अलावा, दस दिशा गाइड्स को प्रशिक्षित करेगा ताकि वे सटीक जानकारी, प्रभावी स्टोरी टेलिंग और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें, जिससे प्रतिभागियों के लिए एक आकर्षक और यादगार अनुभव बने।
यह पहल यूपीएसटीडीसी के व्यापक मिशन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना और आगंतुकों को राज्य की अनूठी धरोहर से गहराई से जोड़ना है।

Related Articles

Back to top button