
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ में तैनात सहायक सुरक्षा आयुक्त (प्रशिक्षण) मुकेश कुमार सोम को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय विधिक योगदान के लिए एक बड़े राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ (सराहनीय सेवा पदक) से आधिकारिक रूप से अलंकृत किया गया। रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस के भव्य समारोह में यह प्रतिष्ठित पदक आरपीएफ की महानिदेशक (DG) सुश्री सोनाली मिश्रा द्वारा उन्हें प्रदान किया गया।
वर्ष 1997 में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) से अपनी विधिक सेवा शुरू करने वाले मुकेश कुमार सोम ने लगभग 28 वर्षों के सेवाकाल में विभिन्न बटालियनों में कार्य करते हुए रेल संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा तथा उग्रवाद विरोधी अभियानों में मुस्तैद भूमिका निभाई है। उन्होंने नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) में भी अपनी उत्कृष्ट प्रतिनियुक्ति सेवाएं दी हैं। अब तक उन्हें 17 नकद पुरस्कार व कई प्रशंसा पत्र मिल चुके हैं। इसके अतिरिक्त, जी-20 शिखर सम्मेलन में सराहनीय सुरक्षा प्रबंधन हेतु उन्हें आरपीएफ महानिदेशक के कड़े ‘डीजी कमेंडेशन डिस्क’ तथा दिल्ली पुलिस कमिश्नर द्वारा ‘स्पेशल कमेंडेशन डिस्क’ से भी पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है।
