
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में एक अत्याधुनिक ओपन जिम स्थापित किया गया है। इस ओपन जिम में पुल-अप स्टेशन, एयर वॉकर, पैरेलल बार, ट्विस्टर थ्री वे, रोवर, एबीबी ट्रेनर, साइकिल, ताई ची स्पिनर, चेस्ट प्रेस आदि अत्याधुनिक फिटनेस उपकरण लगाए गए हैं। जिससे खिलाड़ी व एथलीट सुबह-शाम अपनी सुविधा अनुसार निःशुल्क व्यायाम कर सकेंगे। यह जिम उभरते खिलाड़ियों के साथ-साथ वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं रेल कर्मचारियों तथा उनके परिवारिजनों के लिए भी फिटनेस बनाए रखने में काफी सहायक होगा तथा खुले आकाश के नीचे व्यायाम करने से शारीरिक एवं मानसिक विकास और भी बेहतर होगा।
मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा, “रेलवे केवल यात्री सेवा तक सीमित नहीं है। हमारा प्रयास है कि रेल परिवार के सदस्य और खिलाड़ी स्वस्थ रहें। यह ओपन जिम ऐशबाग स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की फिटनेस जरूरतों को पूरा करेगा और नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए तैयार करेगा।”
लखनऊ मण्डल क्रीड़ा संघ द्वारा संचालित ऐशबाग रेलवे स्टेडियम पहले से ही क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित कई खेलों का प्रमुख केंद्र है। ओपन जिम की स्थापना से स्टेडियम में बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी तथा खिलाड़ियों को स्ट्रेंथ व स्टैमिना बढ़ाने में सीधी मदद मिलेगी। रेल प्रशासन का यह कदम फिटनेस को बढ़ावा देने तथा रेल परिसरों में खेल संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।