मंत्री संदीप सिंह ने अयोध्या में 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, अयोध्या / लखनऊ : प्रभु श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या की पावन धरा पर बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे उड़ाकर किया।

इस अवसर पर मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि खेल बच्चों के जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सोमवार बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों से आए छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सुल्तानपुर की छात्रा अनुश्री ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई और मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

विधायक रुदौली रामचंद्र यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण ग्रामीण अंचल के बच्चे भी खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान ने कहा कि उप्र सरकार में खेलों को लगातार बढ़ावा मिला है।

प्रतियोगिता के परिणाम
प्राथमिक स्तर
400 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में विदुषी पांडेय (गाजीपुर) प्रथम तथा रोशनी (कासगंज) द्वितीय रहीं।
400 मीटर बालक वर्ग में कार्तिक (अमरोहा) प्रथम, संजय (उन्नाव) द्वितीय तथा राजेंद्र (गाजीपुर) तृतीय स्थान पर रहे।

जूनियर वर्ग
600 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में अतिया (देवरिया) प्रथम, शिवांगी यादव (जौनपुर) द्वितीय तथा करिश्मा तृतीय रहीं।
600 मीटर बालक वर्ग में आकाश (गाजीपुर) प्रथम, अर्जुन (रामपुर) द्वितीय तथा अमन (बुलंदशहर) तृतीय स्थान पर रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button