हरदोई में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाकर वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, हरदोई / लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रदेश में चल रहे 35 करोड़ वृक्षारोपण कार्यक्रम के क्रम में रविवार को प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने हरदोई के आईटीआई परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हरि-शंकरी वृक्ष रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया।

वन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि उठो, बढ़ो, हाथ मिलाओ – माँ के नाम पेड़ लगाओ। यह अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि अपनी माँ और धरती माँ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने सभी से अपील की कि कम से कम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाएं और 35 करोड़ पौधरोपण के इस हरित महायज्ञ को जनभागीदारी से सफल बनाएं।

मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हरित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button