
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 26 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता तथा सत्यनिष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति में भ्रष्टाचार एक बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के उन्मूलन के लिए सरकार, नागरिकों और निजी क्षेत्र सहित सभी संबंधित पक्षों को मिलकर प्रयास करना होगा। प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहते हुए ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
शपथ के दौरान रेलकर्मियों ने जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी बरतने और कानून के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। उन्होंने न रिश्वत लेने और न देने, सभी कार्य पारदर्शी तरीके से करने तथा जनहित को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही अपने निजी आचरण में ईमानदारी का उदाहरण प्रस्तुत करने और भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना संबंधित एजेंसी को देने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित करने और नए भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल के अनुसार सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य रेल प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। इस दौरान ईमानदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक प्रतिबद्धता से जनविश्वास मजबूत करने में मदद मिलेगी।