इस्कॉन लखनऊ में ‘गीता रसामृतम-2’ महोत्सव; अध्यक्ष अपरिमेय श्याम ने प्रेस वार्ता में दी मुकुंदा रॉक बैंड व भजनों की जानकारी

अभिषेक यादव, लखनऊ : अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन), लखनऊ द्वारा मानव जीवन के कल्याण तथा नई पीढ़ी को सनातन ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से एक वृहद् आध्यात्मिक समागम की मुस्तैद रूपरेखा तैयार की गई है। अंसल सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधा रमण बिहारी जी मंदिर परिसर में दो दिवसीय श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान महोत्सव ‘गीता रसामृतम-2’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम पांच बजे से आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक उत्सव में दिव्य हरिनाम संकीर्तन, आधुनिक भक्ति संगीत और गीता के रहस्यों पर गहन विमर्श मुख्य आकर्षण होंगे।

होटल रेडिसन में आयोजित प्रेस वार्ता में अपरिमेय श्याम प्रभु ने साझा किया विज़न
महोत्सव के संबंध में होटल रेडिसन (लखनऊ) में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने कार्यक्रम की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गीता के शाश्वत संदेशों को सरल व सुलभ भाषा में जन-जन तक पहुँचाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत विख्यात मुकुंदा रॉक बैंड द्वारा भक्ति संगीत की अलौकिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा विशिष्ट विद्वानों द्वारा आत्मा, मृत्यु, भगवान के अस्तित्व और जीवन के दुखों के वैज्ञानिक कारणों जैसे गूढ़ विषयों पर सारगर्भित प्रवचन दिए जाएंगे, जिसके उपरान्त श्रद्धालुओं हेतु महाप्रसाद का वितरण होगा।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और ब्रजेश पाठक सहित कई शीर्ष कप्तान हैं आमंत्रित
इस भव्य सांस्कृतिक व आध्यात्मिक महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित कई शीर्ष राजनैतिक व सामाजिक प्रहरियों को गरिमामयी उपस्थिति हेतु रूप से आमंत्रित किया गया है। प्रेस वार्ता के सफल संचालन के दौरान मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन आनंद स्वरूप अग्रवाल प्रभु जी, उपाध्यक्ष भोक्ताराम प्रभु जी तथा फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सर्वप्रिय प्रभु जी मंचासीन रहे और सभी ने लखनऊ वासियों से सपरिवार सम्मिलित होने की पुरज़ोर अपील की।

Related Articles

Back to top button