
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी/लखनऊ: उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा महिला एवं दिव्यांगजन यात्रियों की सुरक्षित व आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने तथा आरक्षित डिब्बों में अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने के उद्देश्य से वाराणसी जंक्शन पर एक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता के अनुसार, इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों के आरक्षित कोचों में कुल 56 अनधिकृत पुरुष यात्री पकड़े गए। इसके अंतर्गत गाड़ी संख्या 12355 के महिला व दिव्यांग कोच से 12 पुरुष (1 बिना टिकट), गाड़ी संख्या 14007 से 9 यात्री तथा गाड़ी संख्या 13009 से 16 अवैध यात्री पकड़े गए, जिन्हें तत्काल सामान्य डिब्बों में स्थानांतरित किया गया। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 15159 के आरक्षित कोच में घुसपैठ करने वाले 19 पुरुष पकड़े गए, जिनमें 2 बिना टिकट मिले।

सभी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ा दंडात्मक जुर्माना लगाया गया तथा गंभीर उल्लंघन करने वाले 9 यात्रियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया गया।
