
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा रेल परिचालन में संरक्षा, सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक व्यापक प्रशासनिक व तकनीकी निरीक्षण अभियान चलाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ–उन्नाव–ऊंचाहार–रायबरेली रेलखंड का विस्तृत विंडो एवं स्टेशन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, नए निर्माण कार्यों, स्टेशन भवनों तथा रेलवे ट्रैक की वास्तविक यांत्रिक स्थिति का जायजा लिया।

हरौनी और उन्नाव में रिले रूम व खानपान स्टॉल की विधिक जांच
निरीक्षण की शुरुआत हरौनी स्टेशन से हुई, जहाँ मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर और रिले रूम की व्यवस्था परखी तथा रेलवे ट्रैक व पॉइंट संख्या 44 की तकनीकी जांच की। सोनिक स्टेशन के समीप पोल संख्या 44/14 एवं ट्रैक की माप संबंधी जांच की गई। इसके उपरांत उन्नाव स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष, पूछताछ काउंटर, प्लेटफॉर्म संख्या 1 के निर्माण कार्य तथा खानपान स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के कड़े प्रशासनिक निर्देश जारी किए।

तकिया में नवनिर्मित भवन का जायजा; बैसवारा व लालगंज में जनसंवाद
अचलगंज स्टेशन पर उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों के नक्शे का अवलोकन किया तथा तकिया स्टेशन पर नवनिर्मित स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, शौचालय व समपार संख्या 86-सी/2-ई पर क्रॉसिंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैसवारा और लालगंज स्टेशनों पर नए भवनों के निरीक्षण के साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस महत्वपूर्ण मंडल स्तरीय निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव तथा उप मुख्य अभियंता/जीएसयू ऋषि यादव मुस्तैदी से उपस्थित रहे। डीआरएम ने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने की सख्त हिदायत दी।

