शादी, रिश्तों और बदलती सोच के बीच एक महिला के सफर की कहानी है, अनमोल टीवी का नया शो ‘हमारी राधा’

सूर्योदय भारत समाचार सेवा : ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ज़ेडईईएल/ZEEL) के फ्री-टू-एयर (एफटीए) हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल अनमोल टीवी ने अपने पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ के साथ एक नई शुरुआत की है। शो में सिमरन कौर (राधा गिरधर मौर्या), अक्षय म्हात्रे (गिरधर मौर्या) और वैदेही नायर (शनाया श्रीवास्तव) की मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ‘हमारी राधा’ का प्रसारण प्रतिदिन रात 9:30 बजे होता है।

उत्तर प्रदेश के किशनपुर की रहने वाली राधा अपने पति गिरधर के साथ मुंबई में बस गई है। जहाँ राधा अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़ी हुई है, वहीं गिरधर बदलती शहरी सोच और आधुनिक जीवनशैली की ओर बढ़ रहा है। दोनों की अलग-अलग सोच उनके रिश्ते में दूरियाँ पैदा करती है और गिरधर अपने ऑफिस में काम करने वाली मॉडर्न सोच की शनाया के करीब आने लगता है। ऐसे में, राधा के सामने अपने रिश्ते की सच्चाई का सामना करने और अपने वैवाहिक जीवन को बचाने की चुनौती आ खड़ी होती है। ‘हमारी राधा’ इसी सफर को सामने लाती है, जहाँ परंपरा और बदलती सोच के बीच एक महिला अपने रिश्ते के साथ-साथ खुद की पहचान के लिए भी खड़ी होती है।

‘हमारी राधा’ को लेकर मंगेश कुलकर्णी (चीफ चैनल ऑफिसर– ज़ी टीवी और एफटीए) ने कहा, “अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो के तौर पर ‘हमारी राधा’ हमारे कंटेंट सफर में एक अहम कदम है। हमारा उद्देश्य एफटीए दर्शकों के लिए ऐसी नई कहानियाँ लाना है, जो उनकी जिंदगी, मूल्यों और उम्मीदों से जुड़ी हों। ‘हमारी राधा’ के साथ हम इसी सफर को आगे बढ़ा रहे हैं। कहानी का नजरिया स्पष्ट है और इसका मुख्य किरदार भी अपनी अलग पहचान रखता है। राधा का सफर हमें एक ऐसी मजबूत महिला के जरिए इन पहलुओं को समझने का मौका देता है, जो अपनी जड़ों से जुड़ी रहते हुए अपने आसपास बदलती दुनिया के बीच खुद को संभालती है।”

राधा का किरदार निभाने के अपने अनुभव के बारे में सिमरन कौर ने कहा, “राधा का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत खास अनुभव है। वह सरल, उत्साही और अपने संस्कारों से गहराई से जुड़ी हुई है। लेकिन, उसकी कहानी को खास बनाता है वह हौसला, जो जिंदगी के अचानक बदल जाने पर उसके अंदर आता है। राधा अपने रिश्तों को दिल से मानती है, लेकिन जब उसकी शादी मुश्किल दौर से गुजरती है, तो वह अपने लिए खड़ा होना भी सीखती है। उसके सफर के कई अलग-अलग पहलू हैं और इन्हें पर्दे पर निभाना मेरे लिए बेहद खास रहा है।”

गिरधर मौर्या का किरदार निभा रहे अक्षय म्हात्रे ने कहा, “गिरधर अपने लिए बेहतर जिंदगी बनाने की इच्छा रखने वाला इंसान है। लेकिन, उसके फैसले धीरे-धीरे उसे ऐसी परिस्थितियों में ले जाते हैं, जिनकी उसने कभी कल्पना नहीं की थी। मुझे उसके किरदार में सबसे दिलचस्प बात यह लगती है कि वह अपनी इच्छाओं और जिम्मेदारियों के बीच लगातार एक टकराव से गुजरता है। उसके व्यक्तित्व के कई पहलू हैं और उसके फैसलों के पीछे की वजहों को समझना मेरे लिए एक कलाकार के तौर पर शानदार अनुभव रहा है। मैं दर्शकों को यह दिखाने के लिए उत्साहित हूँ कि उसका सफर किस तरह आगे बढ़ता है और उसके फैसलों का आसपास के लोगों पर क्या असर पड़ता है।”

अपने किरदार और शो के बारे में बात करते हुए वैदेही नायर ने कहा, “शनाया एक आत्मविश्वासी, मॉडर्न और आगे बढ़ने की चाह रखने वाली महिला है, जिसे पता है कि उसे क्या चाहिए। वह राधा और गिरधर की दुनिया में बिल्कुल अलग सोच के साथ आती है, जो उसके किरदार को निभाना दिलचस्प बनाता है। शनाया के अलग-अलग रंगों को समझना और उसके फैसलों के पीछे की सोच को जानना मुझे सबसे ज्यादा दिलचस्प लगा। उसका किरदार निभाना शानदार अनुभव रहा है और मैं दर्शकों को यह देखने के लिए उत्साहित हूँ कि उसकी मौजूदगी कहानी के रिश्तों और तालमेल को किस तरह बदलती है।“

‘हमारी राधा’ देखना न भूलें, प्रतिदिन रात 9:30 बजे, सिर्फ अनमोल टीवी पर।

Related Articles

Back to top button