उत्तर रेलवे – लखनऊ मंडल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : शनिवार 15 अगस्त 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ के चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा मुख्य अतिथि तथा अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन, उत्तर रेलवे, लखनऊ श्रीमती निरुपमा वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया । इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल की परेड द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई एवं मंडल रेल प्रबंधक द्वारा परेड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारतीय रेल देश के विभिन्न क्षेत्रों एवं राज्यों को आपस में जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। साथ ही, आवश्यक वस्तुओं के परिवहन के माध्यम से भारतीय रेल देश के आर्थिक विकास एवं प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी रेलकर्मियों के कार्यों की सराहना की तथा उपस्थित रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ रेल सेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में मंडल के सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों तथा स्काउट एवं गाइड टीम द्वारा देशभक्ति से जुड़े गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित लोगों में उत्साह एवं देशभक्ति की भावना को और बढ़ाया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन द्वारा तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती अरिमा भटनागर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में मंडल के अधिकारी एवं उनके परिवारजन, रेलवे यूनियनों एवं मान्यता प्राप्त एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, स्काउट एवं गाइड, मंडलीय खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के रेलकर्मी उपस्थित रहे।

मंडलीय चिकित्सालय में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय, लखनऊ में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (NRWWO), लखनऊ मंडल की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा द्वारा फिजियोथेरेपी विभाग को डायनेमिक क्वाड्रिसेप्स टेबल उपकरण प्रदान किया गया। यह उपकरण घुटने से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों के उपचार एवं पुनर्वास में उपयोगी होगा। श्रीमती निरुपमा वर्मा ने महिला कल्याण संगठन की टीम के साथ चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा फल एवं उपहार वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने हाल ही में उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय में टोटल नी रिप्लेसमेंट (Total Knee Replacement) सर्जरी करवाने वाले मरीज से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीज से चिकित्सालय की इनडोर सेवाओं एवं मरीजों की देखभाल के संबंध में प्रत्यक्ष फीडबैक भी लिया।

Related Articles

Back to top button