बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के वानस्पतिक उद्यान में त्रिवेणी वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

राहुल यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में मंगलवार 14 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर में स्थित वानस्पतिक उद्यान में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल एवं प्रख्यात पर्यावरणविद् त्रिवेणी बाबा द्वारा त्रिवेणी (पीपल, बरगद एवं नीम) का पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा हरित परिसर के निर्माण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि पीपल, बरगद और नीम का त्रिवेणी वृक्षारोपण भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रतीक है। इन वृक्षों का संरक्षण न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय हरित एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान करता है।

कार्यक्रम में प्रभारी वानस्पतिक उद्यान डॉ. रवि शंकर वर्मा सहित विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना रहा।

Related Articles

Back to top button