
अशोक यादव, लखनऊ / नई दिल्ली / पीलीभीत / गोरखपुर : केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी और वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री, जितिन प्रसाद के साथ, रेल भवन, नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस के इज्जतनगर – बरेली तक विस्तार को हरी झंडी दिखाई ! यह ट्रेन पहले लखीमपुर और गोरखपुर के बीच चलती थी, कुछ महीने पहले इसकी सेवा पीलीभीत तक बढ़ा दी गई थी। अब इसे बरेली तक बढ़ा दिया गया है।
इज्जतनगर – बरेली तक सेवा का विस्तार स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और इससे क्षेत्र को दूरगामी लाभ होने की उम्मीद है। इससे कृषि और वन उत्पादों के लिए बेहतर बाज़ार पहुँच संभव होगी, लोगों की आवागमन संबंधी ज़रूरतें पूरी होंगी और तराई क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में तेज़ी आएगी। बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे समग्र क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने 2014 से उत्तर प्रदेश में रेलवे के अभूतपूर्व विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राज्य में 5,272 किलोमीटर नए ट्रैक बनाए गए हैं—जो स्विट्जरलैंड के पूरे रेल नेटवर्क से भी ज़्यादा है—और राज्य ने अपने रेल मार्गों का 100% विद्युतीकरण हासिल कर लिया है। उन्होंने आगे बताया कि इस अवधि के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में 1,660 फ्लाईओवर और रोड अंडरब्रिज बनाए गए हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने पीलीभीत को प्राथमिकता देने के लिए अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और कहा कि इन रेल सेवाओं के विस्तार से सबसे अधिक लाभ छात्रों, किसानों और पर्यटकों को होगा। छत्रपाल सिंह गंगवार, सांसद (बरेली), डॉ. सुधीर गुप्ता, विधान परिषद सदस्य और श्री बाबूराम, विधान सभा सदस्य (पूरनपुर) शामिल थे।