साहिबाबाद में भाजपा शक्ति का प्रदर्शन, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने किया प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में साहिबाबाद में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साहिबाबाद आगमन पर मोहननगर चौराहा (निकट डब्ल्यूएसएम मॉल) पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र में भारत माता की जय और भाजपा के समर्थन में गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। स्वागत समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे आयोजन एक विशाल जनसमूह में परिवर्तित हो गया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भव्य स्वागत के लिए कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है तथा इसी समर्पण के बल पर संगठन निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि साहिबाबाद के कार्यकर्ताओं का उत्साह और अनुशासन संगठन की वास्तविक शक्ति का परिचायक है तथा प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने साहिबाबाद में भाजपा की मजबूत जनभागीदारी और संगठनात्मक शक्ति को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

Related Articles

Back to top button