
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की असीम कृपा एवं प्रेरणा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प बृज की रसोई के अंतर्गत रविवार को आशियाना, लखनऊ में निःशुल्क पौष्टिक भोजन वितरण सेवा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जरूरतमंद, असहाय, निराश्रित, दिहाड़ी श्रमिक, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चों को स्वच्छ, ताज़ा एवं पौष्टिक भोजन सम्मानपूर्वक वितरित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दीपक भुटियानी ने बताया कि संस्था के स्वयंसेवकों ने पूर्ण अनुशासन, समर्पण एवं सेवा-भाव के साथ सम्पूर्ण व्यवस्था का संचालन किया। भोजन वितरण के दौरान स्वच्छता, गुणवत्ता एवं मानवीय गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया।

संस्था के संस्थापक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि बृज की रसोई केवल भोजन वितरण का अभियान नहीं, बल्कि समाज में करुणा, सहयोग, संवेदनशीलता एवं मानव सेवा के संस्कारों को सशक्त बनाने का सतत प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार के शुभ अवसरों जैसे जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगाँठ, पुण्यतिथि अथवा अन्य मांगलिक अवसरों पर जरूरतमंद लोगों को भोजन कराकर सेवा के इस पुनीत अभियान से जुड़ें।
विकास पाण्डेय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि एक निवाला किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है और यही हमारी सेवा का मूल उद्देश्य है।

संजय श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही ऐसे सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अधिकाधिक नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया।
इस सेवा कार्य में सी.एच. तिवारी, जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, दीपक भुटियानी, आशीष श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय, अजय कुमार सिंह, विनोद मिश्रा, रोहित कुमार, मुकेश कनौजिया, अथर्व श्रीवास्तव, गोविन्द सिंह, मिष्ठी सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अंत में आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी भविष्य में भी प्रत्येक रविवार इसी प्रकार निःशुल्क भोजन वितरण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का नियमित संचालन करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता एवं सेवा का लाभ पहुँचाया जा सके।