
अशोक यादव, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के सर्वांगीण कल्याण, स्वस्थ मनोरंजन तथा सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कर्मचारी कल्याण निधि (SBF) के अंतर्गत ऐशबाग स्थित मनोरंजन संस्थान में सुविधाओं का वृहद् विस्तार एवं आधुनिकीकरण कार्य संपन्न किया गया है। यह पहल रेलवे कॉलोनियों में एक जीवंत और सकारात्मक सामुदायिक वातावरण विकसित करने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

स्मार्ट एलईडी टीवी, कमर्शियल कूलर और साउंड सिस्टम से सुसज्जित हुआ हॉल
संस्थान के मुख्य हॉल को पूरी तरह अपग्रेड करते हुए इसे आधुनिक मानकों के अनुरूप आकर्षक बनाया गया है। कर्मचारी कल्याण निधि से संस्थान को 75 इंच की बड़ी स्मार्ट एलईडी टीवी, आरामदायक सोफा सेट, सेंटर टेबल, पेडेस्टल फैन, व्यावसायिक बड़े कूलर, साउंड सिस्टम तथा माइक युक्त हाई-टेक पोडियम जैसी उपयोगी सामग्रियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, हॉल को एयर कंडीशनर (AC), नई ऊर्जा-कुशल आधुनिक एलईडी लाइटों और नए फर्नीचर से सुसज्जित किया गया है। परिसर के बाहरी हिस्सों के कुशल रख-रखाव के लिए एक आधुनिक घास काटने की मशीन भी प्रदान की गई है, जिससे पूरा वातावरण स्वच्छ और हरा-भरा बना रहे।

बच्चों के लिए लगा ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ झूला
संस्थान में केवल बड़ों के बैठने या आयोजनों की ही व्यवस्था नहीं की गई है, बल्कि बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास का भी विशेष ध्यान रखा गया है। मनोरंजन संस्थान के परिसर में नौनिहालों के खेलकूद के लिए एक अत्याधुनिक ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ झूला मुस्तैदी से स्थापित किया गया है, जिसने रेल कर्मचारियों के बच्चों के बीच भारी उत्साह और खुशी का माहौल पैदा कर दिया है। जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव के अनुसार, रेल प्रशासन की इस दूरगामी पहल से कर्मचारियों के बीच आपसी मेल-जोल और टीम भावना सुदृढ़ होगी। इस शानदार कायाकल्प प्रयास की मनोरंजन संस्थान के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और रेल परिवारों ने मुक्त कंठ से सराहना की है।