
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिवस के अवसर पर 25 जुलाई को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चौहान समाज द्वारा भव्य “संकल्प दिवस समारोह” का आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामय कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं चौहान समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
संकल्प दिवस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चौहान (नोनिया/लोनिया) समाज के हजारों लोग सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को सामाजिक, शैक्षिक एवं राजनीतिक रूप से संगठित करते हुए राष्ट्र निर्माण और प्रदेश के विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।
समारोह के दौरान चौहान समाज वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तथा वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में पुनः सरकार बनाने का सामूहिक संकल्प भी लेगा। कार्यक्रम में समाज की एकता, संगठन और विकास के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक समावेशन के संकल्प को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह समारोह केवल जन्मदिवस का आयोजन नहीं, बल्कि चौहान समाज की सामाजिक चेतना, संगठनात्मक शक्ति और राष्ट्रहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम में प्रदेश भर से समाज के प्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी रहेगी, जिससे समाज की एकजुटता और सहभागिता का प्रभावी संदेश जाएगा।
आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।