
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बी.बी. मलिक को ओडिशा स्थित राजेन्द्र विश्वविद्यालय, बलांगीर का कुलपति नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रो. मलिक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे विश्वविद्यालय समुदाय के लिए गौरव का क्षण है कि यहां के शिक्षक उच्च शैक्षणिक पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
प्रो. बी.बी. मलिक ने राजेन्द्र विश्वविद्यालय, बलांगीर, ओडिशा के कुलपति पद पर अपनी नियुक्ति के लिए राज्यपाल हरि बाबू कम्भमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यबंशी सूरज तथा चयन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने भी प्रो. मलिक को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं, साथ ही ये कामना की, कि प्रो. मलिक के नेतृत्व में राजेन्द्र विश्वविद्यालय, ओडिशा, ज्ञान, अनुसंधान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा और उत्कृष्टता का एक नया मानक स्थापित करेगा।