नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री शर्मा ने सीएमएस में चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल का किया शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS), कानपुर रोड परिसर में चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री ए.के. शर्मा ने सहभागिता की। फेस्टिवल का उद्घाटन प्रख्यात शिक्षाविद प्रोफेसर गीता गांधी किंगडन द्वारा किया गया, जिन्होंने आयोजन के उद्देश्य एवं स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर मुंबई से आईं प्रसिद्ध सिंगर जनाई भोसले एवं उनके सहयोगी चरनजीत सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया। यह फिल्म फेस्टिवल एक सप्ताह तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से प्राप्त लगभग 3000 से 3500 फिल्मों में से चयनित 250 से 300 उत्कृष्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका स्वयं का शिक्षण से जुड़ाव रहा है, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक दृढ़ संकल्प के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें, तो वे किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने छात्रों से अपने घरों में सोलर ऊर्जा अपनाने की अपील की और बताया कि स्वच्छता अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ इस वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहा है और सभी से आह्वान किया कि सामूहिक प्रयासों से इसे प्रथम स्थान तक पहुंचाया जाए।

Related Articles

Back to top button