
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : समाजवादी पार्टी, लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में सोमवार नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। यह आंदोलन क्षेत्र की जनता के मूलभूत अधिकारों और आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

आंदोलन का नेतृत्व विधायक श्री रविदास मेहरोत्रा ने किया। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में टूटी हुई सड़कें, पेयजल की गंभीर समस्या, सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति, नालों की नियमित सफाई का अभाव, भवन कर एवं जल कर में लगातार बढ़ोतरी, अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की कमी आदि समस्याओं को उठाया गया।
इस अवसर पर विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि “स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता से लगातार टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। यह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। जब जनता को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो इस प्रकार का कर वसूलना गलत है।”

उन्होंने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई, तो जनहित में सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

इस दौरान उपस्थित जनता एवं समाजवादी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।