
राहुल यादव, लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार माफियाओं की सरकार है। यह सबसे अराजक और इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है। यह सरकार टैक्स लगाकर मंहगाई बढ़ाती जा रही है। आज ही एलपीजी गैस के दाम 60 रूपये बढ़ गये है।
शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रही है। समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना लांच कराया गया है। समाजवादी पार्टी की तरफ से उस गाने पर एफआईआर लिखायी जाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने वाले गाने पर कार्रवाई की मांग की।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी अपनी विदाई से पहले जापान घूमने गये थे, लेकिन क्यूटो देखने नहीं गये। जो मुख्यमंत्री ट्रेन की बढ़ती रफ्तार देखकर ताली बजाये वह क्या विकास कर सकता है ? उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबका साथ से पीडीए सरकार बनाकर सभी को सामाजिक न्याय दिलायेगी ओर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी।
चुनाव आयोग को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग झूठा है। अगर समाजवादी पार्टी ने इतना शोर न मचाया होता तो भाजपा ने हर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की तैयारी की थी। चुनाव आयेाग बताए कि इतनी बड़ी संख्या में प्रिन्टेड फार्म 7 कहां से आए थे ? सुल्तानपुर में वोट कटवाने के लिए नंदलाल के दस्तखत किसने किये थे। सरोजनी नगर में दशरथ के नाम से बड़ी संख्या में वोट कौन कटवा रहा था ? क्या चुनाव आयोग ने इन मामलों की जांच की और क्या कोई कार्रवाई की गयी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार संवेदनहीन है। ये अमानवीय लोग हैं, सरकार होली मनाती रही और जनता दर्शन में अपनी फरियाद लेकर आये एक व्यक्ति की मौत हो गयी। किसी ने उसे पूछा तक नहीं है। शंकराचार्य जी को लेकर एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि पूज्यनीय शंकराचार्य जी एक संस्था और विचार है। भाजपा सरकार ने शंकराचार्य जी का अपमान किया। उन्हें जिस तरह से अपमानित किया गया और झूठे आरोप लगाए गए उससे शंकराचार्य जी के साथ सनातन धर्म को भी बदनाम किया गया।
उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति क्या होगी यह भारत सरकार और भारत के लोग तय करेंगे, कोई दूसरा देश नहीं तय कर सकता है। रूस से तेल आयात को लेकर यादव ने कहा कि रूस हमारा पुराना मित्र है, हम लोकसभा में भी यह मुद्दा उठायेंगे। अगर रूस से सस्ता तेल मिल रहा है तो सरकार रूस से और तेल आयात करे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए है। भाजपा के लोग अन्याय, अत्याचार कर रहे हैं। प्रदेश के बजट को लूटा जा रहा है। बजट का पैसा विकास कार्यों पर नहीं खर्च हो रहा है। बजट का 70 फीसदी ये लोग खुद ले रहे हैं। बाकी इंजीनियर, ठेकेदार बांट लेते हैं। उत्तर प्रदेश के इतिहास में इतनी लूट किसी सरकार में नहीं हुई है। समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बन रहा है। इस बार यूपी में भाजपा का पता नहीं चलेगा।
नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व एमएलसी एवं पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ डॉ. राजपाल कश्यप, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. पाण्डेय, राजन त्रिवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।