राज्यपाल की अध्यक्षता में सीएसजेएमयू, कानपुर से संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न

राहुल यादव, लखनऊ : प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में सोमवार जन भवन ( राजभवन ) में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से संबद्ध शासकीय एवं वित्त पोषित महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा अपने-अपने संस्थानों से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। यह बैठक महाविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता को बढ़ाने, उच्च शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने तथा एनआईआरएफ रैंकिंग एवं नैक मूल्यांकन की तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई।

बैठक के दौरान राज्यपाल पटेल ने महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। प्रधानाचार्यगण एवं अध्यापक स्वयं गांवों एवं इंटर कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उच्च शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने महाविद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां अध्यापकों की कमी है, वहां विश्वविद्यालय से समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन महाविद्यालयों में अध्यापक अधिक हैं, वहां से आवश्यकतानुसार उन महाविद्यालयों में समायोजन किया जाए जहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक है एवं शिक्षकों की कमी है।

राज्यपाल ने कहा कि यह सभी की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उच्चतम शिक्षा प्राप्त हो, उनका सर्वांगीण विकास हो तथा उन्हें रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने समयबद्ध शैक्षणिक व्यवस्था पर बल देते हुए निर्देश दिए कि परीक्षाओं के परिणाम समय से घोषित किए जाएं तथा जून-जुलाई तक सभी विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह संपन्न करा लिए जाएं। उन्होंने नियमित शैक्षणिक सत्र संचालन को अनिवार्य बताते हुए टाइम-टेबल बनाकर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा प्रायोगिक परीक्षाएं भी समय से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रधानाचार्यों से विश्वविद्यालय के साथ समन्वय बनाकर शैक्षणिक सत्रों को नियमित करने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयासों से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है। सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, अतः महाविद्यालयों को भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। राज्यपाल जी ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) एवं एलुमनाई के सहयोग से संसाधनों को बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा निहित है, जिसे उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन द्वारा विकसित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन एवं एनआईआरएफ रैंकिंग में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया तथा विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण (टूर), वृक्षारोपण एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यपाल के सतत प्रयासों एवं प्रभावी मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल जी शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं, जिसके फलस्वरूप प्रदेश के विश्वविद्यालय नैक मूल्यांकन एवं एनआईआरएफ रैंकिंग में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि महाविद्यालयों में विद्यमान सभी समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ० पंकज एल० जानी, विशेष सचिव, जन भवन श्रीप्रकाश गुप्ता, विशेष सचिव उच्च शिक्षा गिरिजेश कुमार त्यागी, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो० विनय पाठक, विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यगण, जन भवन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित अन्य महानुभाव उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button