
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट, सतना : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में रामभक्त हनुमान जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन, स्तुति, आरती एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे स्वयं उपस्थित होकर पूजन, अर्चन एवं हवन में सहभागी बने तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों के समूह द्वारा एकादश श्री हनुमान चालीसा पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन बीटेक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों अपार सिंह तोमर (एग्रिकल्चर इंजीनियरिंग) एवं अंकुश मिश्रा (सिविल इंजीनियरिंग) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों ने अत्यंत अनुशासित एवं भक्तिपूर्ण वातावरण में हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने श्रमदान के माध्यम से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही रंग-बिरंगी झंडियों एवं ध्वजों से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल निर्मित हो गया।
इस आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान हनुमान से सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता एवं सांस्कृतिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
