
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, प्रयागराज : उत्तर मध्य रेलवे में हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत डॉ. शिवम शर्मा ने पुनः वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM), प्रयागराज के पद का कार्यभार ग्रहण किया है। निवर्तमान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अकांशु गोविल का स्थानांतरण उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर के पद पर किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में भी डॉ. शिवम शर्मा प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे, जिसके पश्चात उनका चयन प्रतिनियुक्ति पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में निदेशक पद हेतु हुआ था। अपने लगभग तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में निदेशक के रूप में कार्य किया तथा बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में क्षेत्रीय निदेशक के रूप में पदोन्नत हुए। इस अवधि में उन्होंने हरियाणा में खेलों के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया। डॉ. शर्मा वर्ष 2024 में पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा रहे ।
डॉ. शिवम शर्मा भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के वर्ष 2011 बैच के अधिकारी हैं तथा उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वे उत्तर मध्य रेलवे के ऊर्जावान एवं गतिशील अधिकारियों में गिने जाते हैं। अपने सेवा काल में उन्होंने मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एवं उप मुख्य दावा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है तथा व्यापक प्रशासनिक अनुभव अर्जित किया है।
प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की स्थापना में उनके योगदान के लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2015 से 2017 के बीच टुंडला में मंडल यातायात प्रबंधक के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान अलीगढ़, टुंडला, इटावा, खुर्जा एवं दादरी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यातायात सुविधाओं के विकास के महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए।
डॉ. शिवम शर्मा के पुनः प्रयागराज मंडल में आगमन से यह अपेक्षा की जा रही है कि रेल परिचालन से संबंधित कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा रेलवे के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
