
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार जन भवन (राजभवन), लखनऊ में आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया तथा इस अवसर उन्होंने मा0 राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी से शिष्टाचार भेंट की और राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति मे उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संस्कृति सदैव संपूर्ण विश्व के कल्याण, शांति और मानवता की भावना से ओत-प्रोत रही है। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में जब तनाव और अस्थिरता का वातावरण है, ऐसे समय में जैन धर्म का नवकार महामंत्र विश्व को शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक संतुलन प्रदान करने का सामर्थ्य रखता है।
उन्होंने कहा कि विश्व नवकार महामंत्र दिवस केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक एकता, आध्यात्मिक जागृति और मानव कल्याण का व्यापक अभियान है। यह अत्यंत गौरव का विषय है कि इस अवसर पर 108 देशों के लाखों लोग एक साथ जुड़कर विश्व शांति और समरसता के लिए नवकार महामंत्र का जाप कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने जैन समाज द्वारा किए जा रहे सेवा, गौसंरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और करुणा की भावना ही भारत की वास्तविक शक्ति है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना तथा समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत केवल आर्थिक प्रगति ही नहीं, बल्कि शांति, धैर्य और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ रहा है, जिससे उसे वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट पहचान प्राप्त हो रही है।
उन्होंने समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को विश्व नवकार महामंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवकार महामंत्र आध्यात्मिक जागृति, अहिंसा और आस्था का मूल आधार है, जो मानव चेतना को ऊर्जावान बनाते हुए शांति एवं आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर सभी नागरिक इसके संदेशों को आत्मसात करते हुए अपने जीवन में सत्य, अहिंसा और करुणा को अपनाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना की उपस्थिति रही, कार्यक्रम मे डॉ. वीरेंद्र जायसवाल सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि, जैन समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन विश्व शांति, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को और अधिक सशक्त बनाते हैं।