
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / प्रयागराज : शनिवार प्रयागराज सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया। इस दौरान महिला, किसान, वकील सहित समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों की भारी संख्या में उपस्थिति रही। जनता दर्शन में आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं मांगों को उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
उप मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। बैठक में उन्होंने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम एवं बैठक के दौरान प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारीगण, जनप्रतिनिधी सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।