विराट कोहली के शतक एवं कुलदीप यादव के चार विकेट से भारत ने साउथ अफ्रीका को 17 रनों से हराया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, रांची : भारत ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (135 रन) के 52वें वनडे शतक के बाद कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव (चार विकेट) और तेज गेंदबाज हर्षित राणा (तीन विकेट) के झटकों की बदौलत रविवार को यहां पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका को 17 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली। दूसरा वनडे तीन दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा।

कोहली ने 120 गेंद की तेज पारी के दौरान 11 चौके और सात छक्के जमाए, जिससे भारत ने 8 विकेट पर 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कोहली ने फिर अपनी अहमियत और दबदबे को साबित किया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा (51 गेंद में 57 रन) के साथ 136 रन की साझेदारी करके जेएससीए स्टेडियम की सपाट पिच पर भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने 56 गेंद में 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और रविंद्र जडेजा ने 20 गेंद में 32 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरूआत काफी खराब हुई, उससे 11 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। पर मैथ्यू बीट्जके (72 रन), मार्को यानसन (70 रन) और कॉर्बिन बॉश (67 रन) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके जो 49.2 ओवर में 332 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कुलदीप ने 68 रन देकर चार विकेट और हर्षित राणा ने 65 रन देकर तीन विकेट झटके। अर्शदीप सिंह को दो विकेट मिले। प्रसिद्ध कृष्णा ने अंतिम बल्लेबाज बॉश को आउट करके भारत को जीत दिलाई।

Related Articles

Back to top button