
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बंगलुरु : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश में आपातकाल जैसा माहौल है। देखा जा रहा है, देश के लोगों पर एक एकरंगी विचारधारा थोपी जा रही है। इस तरह से थोपा जा रहा है कि उन चीजों के बारे में लोगों को बहस करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान विविधता रही है। हम सभी भारतीय एक हैं। सबको एक साथ जोड़कर रखना है। एकरूपता लाने की जरूरत है।
रविवार को बंगलुरू में आयोजित विजन इंडिया प्लान, डेवलप, एसेंट कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आज की भाजपा सरकार हमारी हिन्दुस्तानियत पर संकट पैदा कर रही है। विजन इंडिया कार्यक्रम में सवालों का जवाब देते हुए यादव ने कहा कि जिन बातों की पहले चर्चा नहीं होती थी उन्हें अब राजनीति में लाया जा रहा है। जिससे दूरियां पैदा हो रही है। आज जो समाज में नकारात्मकता फैलाई जा रही है, उसे काउन्टर करना है। हमारा विजन इंडिया पॉजिटिव है। यह नकारात्मकता को काउन्टर करता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे विजन इंडिया का मकसद है कि हम एकजुटता लाये। अपनी हिन्दुस्तानियत को पहचानें। विविधता में एकता की अपनी पहचान को लेकर आगे बढ़े। हमारी कोशिश है कि सभी लोग प्रोगेसिव हों। पॉजिटिव हो और सबको एक साथ लेकर चलने की बात करें।
यादव ने कहा कि हमारे विजन इंडिया का मकसद यूपी के शहरों में बैंगलोर जैसा इकोसिस्टम विकसित करना है, उसी तरह की सुविधाएं देना। हमने लखनऊ में आईटी सिटी बनाया। अखिलेश यादव ने यूपी में छात्रों को 20 लाख लैपटॉप वितरण के सवाल पर कहा कि दुनिया के कई विकासशील देशें में राजनीतिक दल और सरकारें डिजिटल डिवाइड की बात करती है। एचपी कम्पनी के कई लोग आये और वितरण के बारे में देखा। उनके लिए भी आश्चर्य की बात थी कि लाखों लैपटॉप का सही वितरण हुआ। कई बच्चे हार्वर्ड विश्वविद्यालय भी पढ़ने गये और हम लोगों को धन्यवाद दिया।
विजन इंडिया स्टार्टअप समिट कार्यक्रम के मुख्य संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्र और मुख्य समन्वयक राजीव राय सांसद संचालक रहे। विजन इंडिया स्टार्टअप समिट चर्चा में यूपी के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन, किरण हेगड़े मुख्य रूप से शामिल हुए।