तेजस्वी का उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर दो विधानसभा क्षेत्रों के दो मतदाता पहचान पत्र रखने का आरोप

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दो मतदाता पहचान पत्र रखने का आरोप लगाया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, तेजस्वी यादव ने सिन्हा पर आरोप लगाते हुए इसके सबूत भी पेश किए। यह आरोप तब सामने आया है जब हाल ही में निर्वाचन आयोग ने खुद तेजस्वी यादव को दो मतदाता पहचान पत्र रखने के आरोप में नोटिस भेजा था।

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं, जिनमें से एक में उनकी उम्र 57 साल और दूसरे में 60 साल बताई गई है। उन्होंने कहा कि यह जानकारी चुनाव आयोग की वेबसाइट और नई मतदाता सूची में भी उपलब्ध है, जिसे सभी दलों के जिला अध्यक्षों को दिया गया है।

तेजस्वी यादव ने कहा, ‘केवल दो ही बातें हो सकती हैं: या तो चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की पूरी प्रक्रिया ही फर्जी है या फिर बिहार के उपमुख्यमंत्री फर्जी हैं।’

तेजस्वी यादव ने पटना और लखीसराय जिला प्रशासन के साथ-साथ चुनाव आयोग से सवाल किया है कि क्या वे विजय सिन्हा को नोटिस भेजेंगे और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान का मजाक उडा रही है।

यादव ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में बडे पैमाने पर फर्जीवाडा हुआ है और यह मामला अदालत में भी है, जहां वे सबूत पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि किस तरह संशोधन के बाद भी उपमुख्यमंत्री का नाम दो जगह मतदाता सूची में है, जो फर्जीवाडे का सबसे बडा सबूत है।

Related Articles

Back to top button