ब्रेकिंग:

हरियाणा एवं पंजाब विधानसभा के अध्यक्षों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का महाना जी के साथ सौहार्दपूर्ण भ्रमण किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण जी और पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान जी ने आज गुरुवार उत्तर प्रदेश विधानसभा का सौहार्दपूर्ण भ्रमण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना जी ने आत्मीयता पूर्वक उनका स्वागत किया और विधानसभा में संपन्न विभिन्न नवाचारों एवं सुधारों की जानकारी प्रदान की।

भ्रमण के दौरान पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “महाना जी, आप श्रेष्ठ हैं और आपकी विधानसभा भी श्रेष्ठ है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बारे में अब तक केवल सुना था, आज इसकी भव्यता और गरिमा को साक्षात देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।”

इस दौरान दोनों अतिथियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। सतीश महाना ने उन्हें विधानसभा में पारित महत्वपूर्ण विधेयकों, ई-विधान प्रणाली और डिजिटल परिवर्तन की दिशा में किए गए नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उत्तर प्रदेश विधानसभा ने पारदर्शिता, दक्षता एवं जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने हेतु तकनीकी एवं संरचनात्मक सुधारों को आत्मसात किया है।

इस अवसर पर हरियाणा और पंजाब के विधानसभा अध्यक्षों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं आधुनिक संसदीय व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए राज्यों के मध्य सतत संवाद एवं अनुभवों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है।
भेंटवार्ता के दौरान तीनों राज्यों की विधायी व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावशाली एवं लोककल्याणकारी बनाने के संबंध में विस्तार से विमर्श हुआ।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के अनेक विधायकगण एवं अधिकारीगण भी ससम्मान उपस्थित रहे।

Loading...

Check Also

उप मण्डलीय चिकित्सालय, गोण्डा पर रेलवे से अनुबंधित सर्वोदय हॉस्पिटल फरीदाबाद द्वारा हेल्थ कैम्प आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com