बीबीएयू में ‘सक्षम यात्रा’ का आयोजन: नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से विकसित भारत 2047 पर जोर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में सोमवार 6 अप्रैल को बीबीएयू एवं बचपन प्ले स्कूल चैन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सक्षम यात्रा’ नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर बचपन प्ले स्कूल चैन के फाउंडर एवं सीईओ श्री अजय गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अर्पित शैलेश द्वारा किया गया।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार करने के लिए हमें उद्यमिता को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना होगा, क्योंकि वास्तविक समृद्धि उसी के माध्यम से संभव है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विश्वविद्यालयों को केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर एक सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करना चाहिए, जहाँ विद्यार्थी अपने नवाचार और रचनात्मक विचारों को वास्तविक रूप दे सकें। इसके लिए आवश्यक है कि न केवल विद्यार्थी, बल्कि शिक्षक भी सक्रिय भूमिका निभाएं और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दें, उन्हें प्रोत्साहित करें और उनके विचारों को आकार देने में सहयोग करें। क्योंकि जब शिक्षा, नवाचार और मार्गदर्शन एक साथ मिलते हैं, तभी एक मजबूत उद्यमशील वातावरण तैयार होता है।

मुख्य अतिथि अजय गुप्ता ने चर्चा के दौरान कहा कि सक्षम यात्रा, काम्याब ग्रांट्स के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में उभरते उद्यमियों और नवाचारकर्ताओं को प्रोत्साहित करना है। यह 9 दिवसीय यात्रा दिल्ली से प्रारंभ होकर अयोध्या, लखनऊ, आगरा, मथुरा और जयपुर जैसे प्रमुख शहरों से गुजरते हुए पुनः दिल्ली में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से प्रारंभिक स्तर के उद्यमियों की पहचान करना, उन्हें मार्गदर्शन देना और उनके विचारों को सशक्त बनाना है। सक्षम यात्रा के माध्यम से टीम नवाचार, समावेशन, शिक्षा और विशेष रूप से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर कार्य करने वाले युवाओं से संवाद स्थापित करेगी।

अंत में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल द्वारा मुख्य अतिथि को श्रीरामचरितमानस एवं शॉल भेंट करके सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स समिति और इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, बीबीएयू सलाहकार प्रो. मनोज कुमार जोशी, प्रो. नीतू सिंह, अन्य शिक्षक, गैर शिक्षण अधिकारी एवं सक्षम यात्रा टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button