38 जनपदों के नाविकों को मिलेगी 66077 लाइफ जैकेट

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ। प्रदेश की नदियों में संचालित पंजीकृत नावों के नाविकों तथा यात्रियों की सुरक्षा हेतु उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा पी0ए0सी0 के माध्यम से 38 जनपदों के पंजीकृत नौकाओं के स्वामियों को लाइफ जैकेट वितरित किये जायेंगे।
इस हेतु संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी के नियंत्रण में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को नोडल अधिकारी नामित करते हुए 15 दिनों के भीतर स्थानीय जन प्रतिनिधियों के समक्ष लाइफ जैकेट वितरित करने का निर्देश राहत आयुक्त द्वारा जारी किया गया है।
राहत आयुक्त/अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ0 हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि पी0ए0सी0 द्वारा निविदा आमंत्रित करते हुए 38 जनपदों के 811 घाटों पर संचालित 4175 पंजीकृत नौकाओं के लिए 66077 लाइफ जैकेट क्रय किया गया है। इस कार्य के लिए उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य आपदा मोचक निधि से पी0ए0सी0 को 13 करोड़ 21 लाख 54 हजार रूपये की धनराशि निर्गत की गयी है। उन्होंने बताया कि लाइफ जैकेट वितरित करने के लिए पी0ए0सी0 तथा यू0पी0एस0डी0एम0ए0 द्वारा समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। लाइफ जैकेट वितरण के सम्बन्ध में पी0ए0सी0 से पत्राचार करते हुए 15 दिनों के भीतर लाइफ जैकेट वितरित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पी0ए0सी0 तथा उ0प्र0 राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम द्वारा लाइफ जैकेट की गुणवत्ता की जांच नियमानुसार लैब से करायी गयी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में बढ़ते जल परिवहन एवं पर्यटन के दृष्टिगत आम जनमानस व यात्रियों की जीवन सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है ।
राहत आयुक्त द्वारा यह भी बताया गया है कि उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संचालित बोट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर नावें पंजीकृत हैं। इनसे संबंधित नाविकों को नाव पर यात्रियों की बैठने की क्षमता के अनुसार कुल 66077 लाइफ जैकेट वितरित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि वाराणसी में सर्वाधिक 33300, प्रयागराज में 12267, मिर्जापुर में 5437, मऊ में 3394, बलिया में 1844, हापुड़ 1462 व कौशांबी में 970 लाइफ जैकेट वितरण होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button