पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल पर समीक्षा बैठक आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने तथा मंडल में कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति के उददे्श्य हेतु शुक्रवार पूर्वाेत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा0) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव सहित मंडल के समस्त शाखाधिकारी के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित गंगोत्री सभागार में समीक्षा बैठक की।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी का स्वागत करते हुए लखनऊ मंडल में कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के कारण उत्पन्न रिक्तियों के सापेक्ष उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान करने की पहल अत्यंत सराहनीय है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहती है।

अपने संबोधन में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने कार्मिक विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों एवं नीतिगत विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कर्मचारी हितों, पदोन्नति, एमएसीपी, रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा अनुशासनात्मक मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि “कर्मचारी संतुष्टि ही संगठन की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने का आधार है।” उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में सभी सेलेक्शन को जून माह के अन्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गये है।

बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी को लखनऊ मण्डल में कार्मिक विभाग की उपलब्धियों एवं प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 99 श्रेणियों में कुल 1540 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 382 कर्मचारियों को एम.ए.सी.पी. का लाभ दिया गया तथा माह नवम्बर 2025 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों के विरुद्ध 41 पात्र कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए।

बैठक से पूर्व प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने मंडल कार्यालय का निरीक्षण किया तथा कार्यरत हित निरीक्षकों एवं अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके कार्यों का समीक्षा की तथा नियमों से संबंधित शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने मण्डल की कर्मचारी यूनियनों/एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से भेंट कर कर्मचारियों के कल्याण हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।

इसके उपरांत, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने बादशाहनगर कॉलोनी में स्थित मनोरंजन संस्थान का निरीक्षण किया तथा वहॉ रेल कर्मियों और उनके परिवारों के लिए उपलब्ध मनोरंजक सुविधाओं की सराहना की। इसके पश्चात बादशाहनगर मण्डलीय चिकित्यालय में रोगियों को फल वितरित किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button