उत्तर रेलवे महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने रेल कोच नवीनीकरण कारखाना का निरीक्षण किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : उत्तर रेलवे महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने सोनीपत जिले के बड़ी गाँव में स्थित रेल कोच नवीनीकरण कारखाना (RCNK) का गहन निरीक्षण किया। ए. के. चंद्रा प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर उत्तर रेलवे तथा सुखविंदर सिंह मंडल रेल प्रबंधक दिल्ली भी उपस्थित थे I RCNK एक अत्याधुनिक कारखाना है, जो 150 एकड़ में फैला हुआ है और LHB कोचों के MLR (मिड लाइफ मरम्मत) के लिए समर्पित है। यह कारखाना भारतीय रेलवे के कोच बेड़े के रखरखाव और उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अपने निरीक्षण के दौरान, वर्मा ने कारखाना में चल रही विभिन्न गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की। वर्मा ने सीमित संसाधनों के बावजूद RCNK टीम द्वारा दिखाई गई प्रतिबद्धता और कुशलता की सराहना की। उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि काम की गुणवत्ता से कभी समझौता न किया जाए।

एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में, महाप्रबंधक ने RCNK के प्रतीक चिन्ह (logo) का अनावरण किया और कार्यशाला द्वारा ओवरहॉल किए गए 100वें कोच को हरी झंडी दिखाई, जो कि इस कारखाना के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने ओवरहॉल किए गए कोचों की गुणवत्ता की प्रशंसा की और टीम को कोच के पुनर्वास के दौरान नवीनतम तकनीकी सुधारों को शामिल करने का निर्देश दिया ताकि कोचों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाया जा सके।

इस निरीक्षण ने इस बात को रेखांकित किया कि RCNK यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा प्रदान करने के भारतीय रेलवे के मिशन को बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Back to top button