
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रबलता से धरातल पर उतारने के लिए विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। पिकप भवन में आयोजित बैठक में मंत्री नन्दी ने सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को लैंड बैंक बढ़ाने के साथ ही विकसित भूमि के आवंटन में गति लाए जाने के निर्देश दिए।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रदेश में निर्माण क्षेत्र की स्थापना से उद्योगों का विकास होगा। मंत्री नन्दी ने कहा कि “नये भारत का नया उत्तर प्रदेश” आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर होते हुए आर्थिक विकास के कीर्तिमान स्थापित करने हेतु तत्पर है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। 2017 के पहले उद्योग विहीन हो चुका उत्तर प्रदेश आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है।
बैठक में राज्य मंत्री औद्योगिक विकास जसवंत सिंह सैनी, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार, सीईओ इन्वेस्ट यूपी अभिषेक प्रकाश, प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला राज्य बनाने की जिम्मेदारी निभा रही डिलाइट की पूरी टीम एवं इन्वेस्ट यूपी के अधिकारी उपस्थित रहे।