
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मत्स्य विकास कैबिनेट मंत्री डॉ0 संजय कुमार निषाद ने मंगलवार यहां विधान सभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष अंतर्गत वैवाहिक सहायता एवं शिक्षा हेतु सहायता कार्यक्रम के लिए लाभार्थी चयन किये जाने हेतु विभागीय पोर्टल https://fisheries.up.gov.in का शुभारम्भ किया गया। डॉ0 संजय निषाद ने इस अवसर पर कहा कि उ.प्र. मत्स्य पालक कल्याण कोष प्रदेश के मछुआरों के विकास एवं सहायता हेतु राज्य सरकार द्वारा स्थापित किया गया है। मंगलवार कोष के माध्यम से मछुआ समुदाय के गरीब व्यक्तियों की कन्या के विवाह कार्यक्रम हेतु वैवाहिक सहायता एवं शिक्षा हेतु सहायता प्रदान किये जाने के लिए ऑनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल शुरू किया।

मत्स्य विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मछुआ समुदाय के विकास एवं उत्थान हेतु संकल्पित है। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों से मछुआरों एवं मत्स्य पालकों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। मत्स्य मंत्री द्वारा पोर्टल पर आवेदन करने के संबंध में आवेदन की सम्पूर्ण प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गये, साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि प्रदेश के समस्त जनपद स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए आवेदन कराये ताकि गरीब मछुआ समुदाय के लोगों को लाभ प्राप्त हो।
डॉ संजय कुमार निषाद ने कहा कि उ0प्र0 को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाए जाने में मत्स्य विकास विभाग का महत्वपूर्ण योगदान है। मत्स्य उत्पादन में प्रदेश में 26 प्रतिशत की रिकार्ड ग्रोथ दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य विकास योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं अन्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। शिक्षण-प्रशिक्षण के कार्यक्रम आयोजित किए जाए। किसान क्रेडिट कार्ड योजना की नियमित मानीटॉरिंग की जाए और कैंप लगवाए जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के आवेदन की प्रक्रिया का अधिकतम सरलीकरण किया जाए और योजनाओं में लाभार्थी चयन प्रक्रिया में समयबद्धता और निष्पक्षता का पालन किया जाए और सभी पात्र लाभार्थियो को योजनाओं का ससमय लाभ मिले।
प्रमुख सचिव, मत्स्य, के. रविन्द्र नायक, ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के समस्त जनपद विभागीय पोर्टल पर उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष अन्तर्गत वैवाहिक सहायता एवं शिक्षा हेतु सहायता प्रदान किये जाने हेतु आवेदन की प्रक्रिया का वृहद् स्तर पर प्रचार-प्रसार कराकर त्रुटिरहित आवेदन करायें।
महानिदेशक मत्स्य, राजेश प्रकाश, द्वारा बताया गया कि वैवाहिक सहायता अन्तर्गत प्रदेश में गरीब मछुआ समुदाय के कन्या के विवाह कार्यक्रम हेतु धनराशि ₹51000 की आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने का प्रावधान है। शिक्षा हेतु सहायता अन्तर्गत शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान किये जाने का प्रावधान है।
निदेशक मत्स्य, एन.एस रहमानी द्वारा उ0प्र0 मत्स्य पालक कल्याण कोष के अन्तर्गत मछुआरों/ मत्स्य पालकों को वैवाहिक सहायता एवं शिक्षा हेतु सहायता के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की गयी।