
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में कार्यरत महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करने और उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ साथ स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवन शैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार 3 से 11 मार्च तक उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा। इसी क्रम में गुरूवार 05.03.2026 को तनाव मुक्ति पर कार्यशाला का आयोजन किया गया ।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार हर वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर दिनांक 3 से 11 मार्च तक कार्य दिवसों पर महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिनमें विभिन्न कार्यक्रमो का आयोजन एवं उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महिला रेलकर्मियों को सम्मानित भी किया जायेगा।

गुरूवार 05.03.2026 को आयोजित ‘तनाव मुक्ति कार्यशाला‘ के अन्तर्गत गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तथा लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. हरीश रावत द्वारा लाफ्टर योगा का अभ्यास कराया गया। इस विशेष सत्र में डॉ. रावत ने उपस्थित महिला रेलकर्मचारियों को लाफ्टर योगा के माध्यम से तनाव मुक्त रहने के सरल और प्रभावी उपाय बताए।
डॉ. हरीश रावत एक अंतरराष्ट्रीय लाफ्टर वेलनेस एवं स्पिरिचुअल कोच हैं, जिनकी हंसी थेरेपी से 203 देशों में 85,000 से अधिक लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन लाभान्वित हो चुके हैं।
लाफ्टर योगा सत्र के दौरान महिला रेलकर्मियों ने विभिन्न हास्य अभ्यास, श्वास तकनीक और ऊर्जा बढ़ाने वाले योग अभ्यासों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सत्र ने उपस्थित सभी महिला रेलकर्मियों को न केवल तनाव से राहत दी बल्कि वातावरण को भी अत्यंत उत्साहपूर्ण और आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख वित्त सलाहकार सुश्री गीतिका पांडे, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती सीमा शर्मा, मुख्य स्वास्थ्य निदेषक डां. लक्ष्मी मीना, वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी श्रीमती निष्ठा पुरी, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (कल्याण) डॉ. हिना अरोड़ा सहित मुख्यालय में कार्यरत कई महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारीगण उपस्थित रहीं।
इस अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह का समापन एवं सम्मान समारोह दिनांक 11 मार्च को आयोजित किया जायेगा। जिसमें उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेलकर्मियों को सम्मानित किया जायेगा।