IND vs AUS: भारत ने की प्लेइंग- 11 की घोषणा, शुभमन गिल को नहीं मिली जगह

भारत ने अच्छी फार्म में चल रहे शुभमन गिल के बजाय पृथ्वी शॉ को मयंक अग्रवाल के सलामी जोड़ीदार के रूप में प्राथमिकता देकर आस्ट्रेलिया के खिलाफ गुलाबी गेंद से खेले जाने वाले पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के लिये बुधवार को उन्हें अंतिम एकादश में शामिल किया।

पृथ्वी शॉ खराब फार्म में चल रहे हैं और उनकी तकनीक पर भी सवाल उठाये जा रहे हैं लेकिन कप्तान विराट कोहली ने मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में स्पष्ट किया कि शुभमन गिल और केएल राहुल अभी उनकी रणनीति का हिस्सा नहीं हैं।

इसके साथ ही विकेटकीपर के चयन में अनुभवी ऋद्धिमान साहा को ऋषभ पंत पर प्राथमिकता दी गयी है। पंत ने गुलाबी गेंद से खेले गये अभ्यास मैच में शतक लगाया था। साहा ने 50 रन की जुझारू पारी खेली थी जिसे टीम प्रबंधन ने तरजीह दी। चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला गुरुवार को दिन रात्रि टेस्ट मैच से शुरू होगी।

पहले टेस्ट मैच के लिये भारतीय एकादश इस प्रकार है: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, अंजिक्य रहाणे (उप कप्तान), हनुमा विहारी, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन।

Related Articles

Back to top button